माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। बैंक के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में चार आरोपी अदालत में पेश नहीं हो रहे। बार-बार वारंट जारी होने के बाद भी पेश नहीं होने पर अदालत से सख्त नाराजगी जाहिर की। अदालत से सभी को भगोड़ा घोषित कर कुर्की की कार्रवाई शुरू करने के आदेश दिए हैं, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ शहर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
एचडीएफसी बैंक द्वारा चार आरोपियों आशीष कुमार, कुरुक्षेत्र के गुरजंत सिंह, यमुनानगर के दीपक कुमार सेठी और करनाल के जसबीर के खिलाफ वाद दायर किया था। आरोपियों पर बैंक के साथ फ्रॉड करने के आरोप हैं।
मामले की सुनवाई पानीपत की अदालत में चल रही है। अदालत से आरोपियों के खिलाफ नवंबर 2025 में उद्घोषणा की कार्रवाई की थी, इसके बावजूद भी आरोपी अदालत में पेश नहीं हुए। आठ दिसंबर को निष्पादन अधिकारी के बयान दर्ज किए गए, लेकिन आरोपी अदालत में पेश नहीं हुए जिसके बाद अदालत से आरोपियों को उद्घोषित व्यक्ति घोषित कर दिया, साथ ही आरोपियों के खिलाफ थाना शहर में प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए।
नौ फरवरी की तारीख लगाई है। अगली तारीख पर आरोपियों की संपत्ति का ब्योरा भी तलब किया है। थाना पुलिस ने अदालत के आदेश के पर प्राथमिकी दर्ज कर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी। थाना प्रभारी मुकेश ने बताया कि अदालत के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम बनाई गई है। टीमें आरोपियों की तलाश में उनके संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है। साथ ही परिजनों पर नजर रखी जा रही है। जल्द ही सभी को काबू कर लिया जाएगा।