लाजपत नगर में कारोबारी के घर पर चौकीदार पर हमला कर 9 लाख रुपये के डायमंड एवं सोने के गहने और दो लाख की नकदी चोरी करने वाले चार आरोपियों को सिटी थाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से डायमंड व सोने का हार बरामद किया है। बाकी सामान की रिकवरी के लिए पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान इनसे रिकवरी की जाएगी और अन्य वारदात के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। आरोपियों की पहचान अनवर निवासी मुंबई, महाराष्ट्र, मेहताब निवासी मोतिहारी, बिहार, अस्तक निवासी मोतीहारी बिहार व अब्दुल कलाम निवासी चंपारण, बिहार के रूप में हुई है।
विदित है कि 7 फरवरी की रात को लाजपत नगर में चोरों ने कारोबारी लाजपत बवेजा के घर में घुसकर चोरी की थी। वारदात के समय लाजपत ववेजा अपने बेटे राघव के पास गुरुग्राम गए थे। घर पर चौकीदार मनोज था। चौकीदार मनोज पर लाठी डंडों से हमला कर उसको घायल कर गए थे। चोर घर से डायमंड, हीरों का हार, दो कंगन, ओमेगा घड़ी व दो लाख रुपये नकद चोरी कर लिए थे। चोरी जेवरों की कीमत 9 लाख रुपये थी। चौकीदार मनोज ने मालिक लाजपत को वारदात की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वारदात स्थल का जायजा लेकर केस दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू की थी।