पानीपत। क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मुनाफा कमाने का झांसा देकर विदेशी युवती ने एक युवक से 2.09 करोड़ रुपये ठग लिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में मॉडल टाउन निवासी अकुल ने बताया कि उसकी 14 जुलाई 2022 को इंस्टाग्राम पर आइलीन नाम की विदेशी युवती से बात हुई। इस दौरान युवती ने उसे क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। युवती ने निवेश के लिए उसके व्हाटसएप पर एक लिंक भेजा। इस पर क्लिक करने के बाद प्लेट स्टोर से कॉइनबेस एप डाउनलोड हुआ। आइलीन ने उसे एप के इस्तेमाल के बारे में बताया। अकुल ने एप के जरिए 23 जुलाई 2022 को 8500 रुपये निवेश किए, जिसमें उसे 375 रुपये का लाभ हुआ। उसके खाते में 8875 रुपये आ गए। इसके बाद अकुल ने 1.22 करोड़ की रकम लगा दी। युवती आइलीन के कहने पर उसने अलग-अलग बैंक खाते, पेटीएम अकाउंट से रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद एप पर उसे 4.70 करोड़ का लाभ दिखाया गया, लेकिन यह रकम खाते में ट्रांसफर नहीं हुई। इसके लिए युवक से 1.30 करोड़ का टैक्स मांगा गया, जिस पर युवक ने 80 लाख रुपये टैक्स जमा कराया। इसके बाद भी खाते में रकम नहीं आई। इसके बाद कहा गया कि जब तक पूरा टैक्स नहीं भरा जाएगा, रकम नहीं मिलेगी। अकुल ने कहा कि बार-बार रुपये मांगने पर उसे ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उसने अपने पिता को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद पिता के साथ साइबर थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी।
वर्जन
युवक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। शहरवासियों से अपील है कि लालच में न पड़ें और अपने खाते संबंधी जानकारी किसी से शेयर न करें।
- अशोक कुमार, प्रभारी, साइबर अपराध थाना