इसराना के गांव बुआना लाखु के ग्रामीणों ने राशन वितरण प्रणाली पर सवाल उठाते खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कार्यालय पर ताला जड़ दिया। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना और हरियाणा सरकार विरोधीनारे लगाए।
गुस्साए ग्रामीणों का आरोप है कि करीब साढ़े दस बजे जब अपनी समस्या लेकर विभाग के कार्यालय में पहुंचे तो वहां पर विभाग का न तो कोई अधिकारी था न ही कोई कर्मचारी। प्रदर्शन के बाद ग्रामीण अपनी शिकायत लेकर जिला उपायुक्त से मिलने के लिए जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।
प्रदर्शनकारी ग्रामीण राजेश कुमार, सुनील कुमार, मांगे राम, नरेश कुमार, संदीप कुमार, राज सिंह, बिंदा, बीर सिंह, भतेरी, सावित्री, कविता, सुनीता देवी, राजवंती और संतोष ने बताया कि पिछले कई माह से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। गांव के डिपो होल्डर ने कई माह से राशन भी नहीं बांटा है।
उक्त डिपो होल्डर की शिकायत प्रशासन से की गई थी। विभाग के अधिकारियों ने मौके पर जाकर जांच करने के बाद गांव के दोनों डिपो होल्डरों की सप्लाई रद्द करने के आदेश दिए थे।
विभाग ने उनमें से एक डिपो की सप्लाई तो रद्द कर दी परंतु दूसरे की सप्लाई न तो रद्द हुई और न ही किसी दूसरे को दी गई है। इसके चलते कई माह से विभाग की सप्लाई न आने से राशन नहीं मिल रहा है।
राशन न मिलने से खफा बुआना लाखु के ग्रामीण सोमवार को विभाग के कार्यालय पहुंचे मगर जब साढ़े दस बजे तक भी विभाग के कार्यालय में विभाग का कोई अधिकारी व कर्मचारी मौके पर नहीं मिला तो उसका गुस्सा फूट गया।
गुस्साए ग्रामीणों ने विभाग और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विभाग के कार्यालय पर ताला जड़ दिया। प्रदर्शन के उपरांत ग्रामीण अपनी समस्या की शिकायत लेकर बाद में जिला उपायुक्त से मिलने के लिए जिला मुख्यालय के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि सारे मामले से डीसी को अवगत कराया जाएगा।