पानीपत। नवरात्र से पहले खाद्य एवं सुरक्षा विभाग मिलावटी आटे को लेकर सतर्क हो गया है। विभाग शहर भर में किराना की दुकानों पर छापामारी करेगा। इसके लिए टीमों का गठन किया गया है। पिछले नवरात्र में कुट्टू के आटे से 12 लोग बीमार हो गए थे। डीसी सुशील सारवान ने भी खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावट के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस बार सीएम उड़नदस्ता भी मुस्तैद रहेगा। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने दुकानदारों को निर्देश देते हुए कहा कि नवरात्र के दौरान व्रत से संबंधित सभी खाद्य पदार्थ जैसे कुट्टू व सिंघाड़े का आटा ताजा और शुद्ध का ही क्रय-विक्रय करें। नवरात्र का शुभारंभ हो रहा है। नवरात्र के दौरान ज्यादातर लोग व्रत रखते हैं और व्रत के दौरान लोग कुट्टु व सिंहाड़े का आटा, साबुदाने आदि का सेवन करते हैं। इसलिए इनमें गुणवत्ता का ख्याल रखें। उन्होंने लोगों से भी अपील करते हुए कहा कि वह पुरानी व खुले में रखी हुई खाद्य सामग्री न खरीदें और खरीदने से पहले खाद्य पदार्थों की मैन्यूफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट की जांच जरूर करें। ताजा फलों का सेवन करें।