पानीपत। हवा की रफ्तार कम होने से आसमान में धुंध छाने लगी है। वीरवार को सुबह देर तक व शाम को साढ़े पांच बजे ही आसमान में धुंध छाने से पारदर्शिता प्रभावित हुई। वहीं न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ ने शुक्रवार को भी तापमान में कमी आने जबकि शनिवार से तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। अब तक हवा की रफ्तार तेज होने से पूरा दिन ठंड महसूस की जा रही थी। वीरवार को जहां हवा की रफ्तार कम हुई वहीं धुंध का असर बढ़ना शुरू हुआ। लोगों के पूरा दिन हाथ-पैर ठिठुरने शुरु हो गए हैं। वीरवार को हवा की रफ्तार छह किलोमीटर प्रति घंटा रही। वहीं अधिकतम 23 और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सेक्टर-11 निवासी 60 वर्षीय रामकिशन ने बताया कि पिछले कई दिन से हवा तेज चल रही थी जिससे धुंध का असर कम नजर आ रहा था लेकिन वीरवार को हवा कम होने से सुबह भी देर तक और शाम को साढ़े पांच बजे ही धुंध चारों तरफ छाने लगी थी।