पानीपत में एलिवेटिड पुल के ऊपर वीरवार को हुए हादसे में पांचवें मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के राजेश कुमार यादव (30) के रूप में हुई है। मृतक राजेश के चार बच्चों का पिता था। परिवार में पत्नी और मां भी है। जो गांव में ही रहते हैं। मृतक के चार भाई और दो बहनें हैं। जबकि मृतक के पिता की पहले मौत हो चुकी है। राजेश काफी समय से पानीपत में मेहनत मजदूरी का काम करता था। हाल ही में डेढ़ माह पहले मृतक की पत्नी ने एक बेटे को भी जन्म दिया था। मृतक अब तक उसका मुंह तक नहीं देख पाया था। थाना चांदनीबाग पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के जीजा सुखराम ने बताया कि अब वे मृतक के पार्थिव शरीर को उनके गांव बहराच ही ले जाएंगे। ये पानीपत से करीब 700 किलोमीटर दूर पड़ता है। वहीं, मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दूसरी ओर इसी सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चौथा मृतक दिल्ली के प्रताप विहार निवासी राजेंद्र (35) का भी पोस्टमार्टम शुक्रवार को करवाने के बाद थाना चांदनीबाग पुलिस ने उसे भी उसके परिजनों को सौंप दिया। मृतक के परजिनों में मोहित सुरेश, दीपक ने बताया कि मृतक नेट जाल बनाने का काम करता था। यहां कहीं उसका काम चल रहा था। इसलिए वह साइट देखने के लिए पानीपत आया था। इसी दौरान ट्रक ने उसे कुचल दिया। मृतक तीन भाई और एक बहन है। मृतक की पत्नी और दो बच्चे भी हैं। बेटी पांच साल की है तो बेटा अभी दो माह का ही है। परिवार की जिम्मेदारी राजेंद्र पर थी।
पांच लोगों की मौके पर हुई थी मौत
गौरतलब है कि वीरवार सुबह 10 बजे एलिवेटेड पुल पर नशे में धुत एक ट्रक चालक ने सिवाह गांव से तहसील कैंप तक छह लोगों को कुचल दिया। इनमें से पांच की मौके पर मौत हो गई, एक गंभीर घायल हो गया। ट्रक चालक ने एलिवेटिड पुल पर गलत दिशा में ट्रक दौड़ाते हुए करीब पांच किलोमीटर तक कहर बरपाया। सिवाह से एंट्री लेने के बाद आरोपी का ट्रक तहसील कैंप कट के सामने फ्लाईओवर पर एसयूवी कार को टक्कर मारने के बाद रुका। मौके पर पुलिस व राहगीरों ने उसे पकड़ लिया।
एक के बाद एक को कूचलता चला गया ट्रक चालक
राजस्थान नंबर का एक ट्रक रोहतक बाईपास से आया और करनाल-दिल्ली लेन पर गलत दिशा में लेकर चढ़ गया। यहां से ट्रक की गति तेज कर दी और सिवाह गांव स्थित बस स्टैंड के सामने फ्लाईओवर पर मोटरसाइकिल पर सवार दो दोस्तों पावटी गांव निवासी सूरज (26) व अनिकेत (27) को कुचल दिया। फिर फ्लाईओवर से उतरते ही मोटरसाइकिल चालक विराट नगर निवासी शुभम कनौजिया (27) को कुचल दिया। इसके बाद मलिक पेट्रोल पंप के पास दिल्ली के प्रताप विहार निवासी राजेंद्र (35) और होटल गोल्ड के सामने एक पैदल जा रहे राजेश कुमार यादव (30) को कुचल दिया। सभी की मौके पर ही मौत हो गई।
बाइक सवार ने कूदकर बचाई जान
गोहाना मोड़ के सामने फ्लाईओवर पर ट्रक चालक ने हनुमान कॉलोनी निवासी नरेश को टक्कर मारी। नरेश ने चलती मोटरसाइकिल से कूदकर जान बचाई। उसके हाथ व पैरों की हड्डी टूट गई। इसके बाद ट्रक ने तहसील कैंप के सामने फ्लाईओवर पर एक एसयूवी कार को टक्कर मार दी। यहां ट्रक डिवाइडर पर टकराकर रुक गया।
थाना चांदनीबाग से मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर महावीर सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उनके पजिरनों को सौंप दिए गए हैं। आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।