पानीपत। डाहर गांव के युवक से क्रिप्टो यूएसडीटी खरीदने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। साइबर थाना पुलिस ने जींद, रोहतक, सोनीपत के रहने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार किए हैं। सभी मिलकर क्रिप्टो यूएसडीटी की ठगी करने का गिरोह चला रहे थे।
दो को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं तीन आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी। साथ ही ठगी की गई क्रिप्टो यूएसडीटी बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। डाहर गांव के युवक ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया था। उसका कहना था कि कुछ युवकों ने उससे 100 क्रिप्टो यूएसडीटी खरीदने का झांसा देकर उसके खाते से 11,995 क्रिप्टो यूएसडीटी निकाल ली थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की थी।
पुलिस की जांच में कुछ युवकों के नाम सामने आए थे। मंगलवार को पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनकी पहचान जींद के भंभेवा गांव निवासी मंदीप, आजादगढ़ कॉलोनी रोहतक निवासी संदीप उर्फ टोनी, जींद के ढीगाना गांव के पवन, सोनीपत के खानपुर गांव निवासी सावन व गामड़ी गांव निवासी दीपांशु के रूप में हुई है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी अजय ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया है। आरोपी दीपांशु व सावन ने गिरोह के साथी आरोपियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे। जिसके बाद अन्य साथियों ने मिलकर ठगी की वारदात की। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया। आरोपी सावन व दीपांशु को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।