पानीपत। जिले में प्रति वर्ष लगभग 600 आगलगी की दुर्घटनाएं होती थी। अबकी बार गर्मी ज्यादा बढ़ने की वजह से पिछले छह माह में ही 1200 से ज्यादा आगजनी की दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। आगजनी की इन घटनाओं को देखते हुए जिला दमकल टीम ने जिले के विभिन्न अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल की शुरुआत की। चूंकि अस्पताल में माल का कम जान का नुकसान ज्यादा होने का अंदेशा बना रहता है। इसके तहत आठ अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा की दृष्टि से सर्वे भी किया गया। इसमें तीन अस्पताल ऐसे मिले जिनके पास फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट तक नहीं थे। जिस पर दमकल टीम ने तीनों को नोटिस जारी किए है।
दमकल टीम को सर्वे में देखने में मिला कि जहां फायर सिस्टम तो लगे थे, लेकिन स्टाफ में ट्रेनिंग का अभाव था। इसलिए विभाग ने सभी अस्पतालों को अग्नि सुरक्षा की ट्रेनिंग भी दी। इस दौरान दमकल विभाग से अमित गोस्वामी, विनोद और धर्मवीर सिंह शामिल रहे। दमकल विभाग अधिकारी अमित गोस्वामी ने बताया कि अस्पताल के बाद औद्योगिक इकाइयों का सर्वे किया जाएगा। अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके साथ अग्नि सुरक्षा के लिए मॉक ड्रिल कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।