वारदात स्थल पर खड़ा हमले में बचा युवक
समालखा। काली रामणा मोहल्ले में तीन युवकों ने एक कार सवार पर गोली चला दी। आरोपियों ने कार के बोनट पर चढ़कर भी गोली मारकर हत्या का प्रयास किया। कार सवार ने भागकर जान बचाई। युवक ने डायल 112 नंबर पर फोन कर वारदात की सूचना दी। समालखा पुलिस व सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने यहां से दो गोलियों के खोल बरामद किए। पुलिस ने युवक की शिकायत पर तीन आरोपियों पर केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत मेंं काली रामणा मोहल्ला निवासी कपिल ने बताया कि उसकी पुराने बस अड्डे पर इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान है। रात में वह दुकान बंद कर अपनी गाड़ी से घर जा रहा था। रास्ते में उसने चचेरे भाई धनमोहन को भी गाड़ी में बैठा लिया। करीब साढ़े 10 बजे बाइपास रोड पर कालीरामणा मोहल्ले के पास मोहल्ले के ही सौरव, साहिल व अन्य लड़के बैठे थे। उन्हें देखकर वह भी रुक गया और गाड़ी से उतर गया। इसी दौरान शमशान घाट की तरफ से एक युवक बाइक से उतरकर आया और उनकी तरफ गोली चला दी। वे सभी जान बचाने के लिए भागने लगे तो आरोपी गाड़ी के बोनट पर चढ़ गया और दोबारा फायर किया। गोली गाड़ी में लगी। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि वारदात में तीन लोगों के शामिल होने की बात कही गई है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। मौके से दो खोल बरामद हुए हैं। केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वारदात स्थल पर खड़ा हमले में बचा युवक