सनौली अनाज मंडी में यूपी के ट्रैक्टर से गेहूं उतारता श्रमिक।
बापौली/सनौली। उपायुक्त वीरेंद्र दहिया ने उत्तर प्रदेश के किसानों का गेहूं मंडी में उतरवाने पर सनौली मार्केट कमेटी के सहायक सचिव को चार्जशीट कर दिया है। साथ आर्यन ट्रेडिंग कंपनी का लाइसेंस 15 दिन के लिए रद्द कर दिया है। डीसी ने यह कार्रवाई मंडी में गेहूं सहित यूपी नंबर की ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ने पर की है।
डीसी ने रविवार को लगातार तीसरे दिन अनाज मंडियों का औचक निरीक्षण किया। वे शाम को सनौली मंडी पहुंचे। उनके साथ जिला मंडी अधिकारी महावीर सिंह सहित तमाम अधिकारी रहे। सनौली अनाज मंडी स्थित आर्यन ट्रेडिंग फर्म पर यूपी नंबर की एक ट्रैक्टर ट्रॉली गेहूं सहित पकड़ी गई। जिला मंडी अधिकारी ने पूरे मामले से डीसी को अवगत कराया। डीसी ने तुरंत प्रभाव से उक्त फर्म का लाइसेंस रद्द कर दिया। साथ ही मार्केट कमेटी के सहायक सचिव को चार्जशीट का आदेश दिया। इस मौके पर नायब तहसीलदार बलवान सिंह मौजूद रहे।
बापौली। डीसी वीरेंद्र दहिया इससे पहले बापौली अनाज मंडी पहुंचे। उन्होंने यहां ट्रैक्टर ट्रालियों पर रिफ्लेक्टर न लगाए जाने पर नाराजगी जताई। इस दौरान संबंधित कर्मचारी से बात की। उन्होंने लापरवाही मिलने पर बापौली अनाज मंडी के चपरासी को सस्पेंड कर दिया। डीसी ने कहा कि सरकारी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। किसान सीजन पर मंडी में आता है और यहां उनको 15 दिन भी पर्याप्त सुविधा नहीं मिलती।