इसराना। इसराना में परढ़ाना रोड पर एक किसान के खेत में बने कोठरे में आग लग गई। आग लगने से कोठरे में रखा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित किसान का आरोप है कि किसी अज्ञात ने खिड़की से कोठरे में पेट्रोल डाल आग लगाई है। किसान की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संदीप वासी इसराना ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उनका खेत परढ़ाना रोड के साथ है। खेत में बने कोठरे में सोमवार को देर रात अज्ञात लोगों ने खिड़की से पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग लगने से कोठरे में रखा खेती करने का सारा सामान जलकर राख हो गया।
थाना प्रभारी हरिराम ने बताया कि संदीप की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद