पानीपत में पर्दे की दुकान में लगी आग
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पानीपत के अमर भवन चौक स्थित पर्दे की दुकान में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने दुकान मालिक और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक के बाद एक 7 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग से मालिक का लाखों का नुकसान हुआ है।
दमकल कर्मी अमित कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम में उनके पास सुबह करीब 10 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। वह वह मौके पहुंचे तो आग की लपटें बढ़ रही थीं। आग भयानक रूप लेती, इससे पहले ही उन्होंने आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि अमर भवन चौक पर कंबल, पर्दे और चादर का पूरा बाजार है, इसलिए वह इस क्षेत्र में लगी आग की सूचना को गंभीरता से लेते हैं। रविवार को भी वह आग की सूचना मिलते ही सात गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया।
बाजार में पहले भी लग चुकी है आग
अमर भवन चौक पर कंबल और पर्दो की सैकड़ों दुकान हैं। 6 माह पहले ही एक दुकान में आग लगी थी, आग इस कदर भड़की कि एक दुकान के साथ साथ चार अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इसके कारण दमकल विभाग को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी।