फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो मंजिला कारपेट फैक्टरी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग

विज्ञापन
विज्ञापन
जाटल रोड स्थित मुखीजा कॉलोनी की पीपल वाली गली में दो मंजिला यूनाइटेड ओवरसीज कारपेट फैक्टरी में शुक्रवार की सुबह चार बजे शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। सिक्योरिटी गार्ड और अन्य कर्मियों ने आग को बुझाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक अन्य फैक्टरी समेत दुकानों को चपेट में ले लिया। सुबह करीब 4:55 बजे दमकल विभाग को आग की सूचना दी गई। इसके बाद अग्निशमन की 13 गाड़ियों ने शाम छह बजे तक 350 से अधिक चक्कर लगाए, लेकिन आग पर काबू नहीं किया जा सका। खबर लिखे जाने तक आग बुझाने के प्रयास जारी थे। आग लगने से करोड़ों रुपये का नुकसान होने का आंकलन किया जा रहा है।
विज्ञापन

फैक्टरी के सिक्योरिटी गार्ड जसविंद्र ने बताया कि आग की लपटें देख पहले श्रमिकों को बाहर निकाला गया। फिर अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का भी प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती ही गई। मालिक राजेश और राजीव गुप्ता के साथ ही दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, आग इस कदर फैली कि दीवार से लगती एक अन्य फैक्टरी और उससे लगे मकानों एवं दुकानों तक पहुंच गई। भीषण आग को देखते हुए जिला प्रशासन ने आसपास के करीब 60 मकानों को खाली कराया और न्यू आरके पुरम, सैनी पुरा, मुखीजा कॉलोनी और पीपल वाली गली को सील कर दिया।
आग की वजह से कारपेट फैक्टरी जर्जर हो गई और दरारें आ गईं। आग के चार घंटे बाद ही फैक्टरी की दूसरी मंजिल गिरकर ध्वस्त हो गई। वहीं यूनाइटेड ओवरसीज के साथ लगी हरी संस फैक्टरी की दीवार भी गिर गई। इसके साथ ही आसपास के कई मकानों और दुकानों में दरारें आ गईं।
विज्ञापन

- फैक्टरी के अंदर 2 कंप्रेसर फटे, एलपीजी सिलिंडर निकालने का प्रयास जारी
दमकल कर्मी अमित ने बताया कि फैक्टरी के अंदर दो बड़े धमाके हुए थे। फैक्टरी के अंदर दो कंप्रेसर मशीन रखीं थी, जिनके पटने से धमाका हुआ। वहीं फैक्टरी में 6 एलपीजी सिलिंडर भी रखे हैं, जिन्हें निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
दो और फैक्टरियों में भी लगी आग
बरसत रोड स्थित आरएस इंटरप्राइजेज में वीरवार की रात डेढ़ बजे और गांव निंबरी स्थित श्री वर्धमान कारपेट एंड नवकार टेक्सो फैब में शुक्रवार की शाम चार बजे आग लगी। आरएस इंटरप्राइजेज में सुबह पांच बजे आग पर काबू पा लिया गया, वहीं वर्धमान कारपेट में दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
वर्जन:
सूचना मिलते ही 7 गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं थी, जिसके बाद समालखा, एनएफएल, रिफाइनरी और घरौंडा से एक-एक और करनाल से दो गाड़ियां और मंगाई गईं। कुल 13 गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं, सुबह 5 बजे से शाम चार बजे तक आग को काफी काबू किया गया है। पूरी तरह से काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
विज्ञापन

- यादवेंद्र शर्मा, जिला दमकल अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें