पानीपत। पुराना औद्योगिक क्षेत्र में कच्चा काबड़ी रोड स्थित एक नायलॉन, रूई बनाने वाली फैक्ट्री में अज्ञात कारणों की वजह से शुक्रवार देर रात आग लग गई। इसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की करीब 100 गाड़ियों ने शनिवार तक चक्कर मारे लेकिन कड़ी मशक्कत के बाद भी शनिवार शाम तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। फैक्ट्री में नायलॉन, पॉलिस्टर यार्न को प्रोसेस कर फाइबर का माल तैयार किया जाता था।
आग लगने से करोड़ों रुपये का माल जलकर राख हो गया है। वहीं फैक्ट्री की इमारत भी क्षतिग्रस्त हो गई। सिंथेटिक नाम की इस फैक्ट्री से माल एक्सपोर्ट भी किया जाता था। फिलहाल भी फैक्ट्री में सैकड़ों टन माल बचा हुआ है। जिसे बचाने के प्रयास में दमकल विभाग की गाड़ियां चक्कर मार रही थीं। इसके लिए पानीपत समेत रिफाइनरी और थर्मल से दमकल विभाग की गाड़ियां मंगवाई गई थी।
उल्लेखनीय है कि फैक्ट्री जुगल किशोर और अजय मल्होत्रा ने पार्टनशिप में करीब चार साल पहले 2020 में खोली गई थी। यहां करीब 20 कर्मचारी भी काम करते हैं। आगजनी की घटना रात करीब दस बजे हुई। फैक्ट्री मालिकों को जैसे ही आग लगने का पता चला वे मौके पर पहुंचे। पहले खुद आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग बढ़ने लगी इस पर दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल विभाग अधिकारी गुरमेल सिंह ने बताया कि कल रात से आग बुझाने के लिए चारों ओर से दमकल की गाड़ियां मंगवाई जा गई हैं। अब तक करीब सौ गाड़ियां चक्कर लगा चुकी हैं। जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।