पानीपत। ठगों ने एक महिला के खाते से 1.49 लाख रुपये चोरी कर लिए। महिला के पति ने उसके खाते में यह पैसे डाले थे। महिला ने इसकी शिकायत साइबर अपराध थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अब मामले की जांच चल रही है।
न्यू दीवार नगर निवासी मनीषा ने साइबर थाने में दी शिकायत में बताया कि उसके खाते से किसी ने तीन बार में 1.49 लाख रुपये निकाल लिए हैं। उसके पति सचिन ने उसके खाते में यह पैसे ट्रांसफर किए थे। अब तक उसको यह नहीं पता है कि चोर ने इस वारदात को कैसे अंजाम दिया है। उसके पति सचिन पेशे से लेखाकार हैं। उसके पति सचिन ने ही 14 मई की रात नौ बजे दाे बार में उसके बैंक खाते में डेढ़ लाख रुपये ट्रांसफर किए थे । ठगों ने 15 मई की रात इस वारदात को अंजाम दिया है। उसकी पुलिस से मांग है कि जल्द ठगों का पता लगाकर उन पर कार्रवाई की जाए।