दमकल की पांच गाड़ियां पहुंचीं, संकरी गली के कारण बड़ी गाड़ी नहीं जा सकी अंदर
आग की तपिश से दीवारों में आईं दरारें
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। तहसील कैंप स्थित पटेल नगर में मंगलवार रात करीब 10 बजे एक बंद मकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर में रखा प्लास्टिक, कबाड़ और घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की तपिश से मकान की दीवारों में दरारें आ गईं। पड़ोस के मकानों की दीवारें भी प्रभावित हुई हैं।
शुभम ने बताया कि मंगलवार शाम को परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान मकान के एक कमरे में रखे वेस्ट मटेरियल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई। इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन गली संकरी होने के कारण बड़ी गाड़ी अंदर नहीं जा सकी। इसके बाद छोटी फायर गाड़ी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया।
आग से मकान में रखा फ्रिज, टीवी, बेड, सोफा, मुख्य गेट, दरवाजे, इनवर्टर, बैटरी, इलेक्ट्रिक पैनल और पानी की मोटर सहित अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जल गया। आग से मकान को भी नुकसान पहुंचा है।
दमकल विभाग के लीडिंग फायरमैन अमित गोस्वामी ने बताया कि मकान में लगी आग पर कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे में काबू पाया जा सका।
14