संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। छठ महापर्व के लिए बिहार जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। इस रूट की ट्रेनों में यात्रियों को चढ़ने-उतरने की भी जगह नहीं मिल पा रही है। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेनों के ठहराव का समय पांच मिनट ज्यादा बढ़ा दिया है ताकि यात्री आराम से ट्रेनों से उतर-चढ़ सके। स्टेशन पर यात्री ट्रेनों की देरी से भी परेशान रहे। वहीं वीरवार को सचखंड एक्सप्रेस समेत 14 ट्रेनें देरी से आई। स्टेशन पर भीड़ इतनी बढ़ गई है यात्रियों को बैठने के लिए सीट भी नहीं मिल रही है। स्टेशन पर यात्री जमीन पर बैठकर ट्रेनों को इंतजार करते हुए दिखाई दिए।
यात्री उमा और राज ने बताया कि वह छठ पूजा का त्योहार मनाने के लिए अपने घर बिहार जा रहा है। उन्होंने बताया कि हमारे परिवार के कुछ सदस्य कल चले गए थे और हमें कल भीड़ के कारण सीट नहीं मिल पाई थी इसीलिए हम कल स्टेशन से ही वापस चले गए थे। साथ में सामान भी काफी है और छोटे बच्चे भी हैं। बिहार जाने वाली ट्रेनों में भीड़ ज्यादा है।
बॉक्स
ये ट्रेनें देरी से आईं
कुरुक्षेत्र दिल्ली एमईएमयू दो घंटे, सचखंड एक्सप्रेस सवा पांच घंटे और गीता जयंती एक्सप्रेस आधे घंटे की देरी से आई। गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस एक घंटा, मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस आधा घंटा और सर्वोदय सुपरफास्ट एक्सप्रेस 50 मिनट की देरी से आई। नेताजी एक्सप्रेस 40 मिनट, झेलम एक्सप्रेस 34 मिनट और अंबाला कैंट स्पेशल फेयर फेस्टिवल स्पेशल ढाई घंटे की देरी से आई। धनबाद स्पेशल फेयर एसी स्पेशल चार घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस आधा घंटा और उत्तर संपर्क क्रांति आधे घंटा की देरी से आई। नई दिल्ली कुरुक्षेत्र एमईएमयू आधा घंटा, गोवा संपर्क क्रांति एक घंटा और फाजिल्का इंटरसिटी एक्सप्रेस आधे घंटे की देरी से आई।
स्टेशन पर पिछले कुछ दिनों से बिहार जाने वाली यात्रियों की संख्या ज्यादा है। त्योहारी सीजन में यात्रियों की आवाजाही बढ़ जाती है। भीड़ बढ़ने के कारण यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने-उतरने में भी परेशानी हो रही है। भैया दूज का त्योहार के कारण भी स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ है। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव का समय निर्धारित समय से पांच मिनट ज्यादा बढ़ा दिया है। स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव का समय बढ़ाने के कारण कुछ ट्रेनें भी देरी से आई हैं। जिससे यात्रियों को इंतजार करना पड़ा।
-रमेश चंद्र, अधीक्षक रेलवे स्टेशन।
बिहार की ट्रेन आने के बाद रेलवे स्टेशन की सीढि़यों पर चढ़ने के लिए लगी यात्रियों की भीड़। संवा- फोटो : स्रोत : संगठन
बिहार की ट्रेन आने के बाद रेलवे स्टेशन की सीढि़यों पर चढ़ने के लिए लगी यात्रियों की भीड़। संवा- फोटो : स्रोत : संगठन