पानीपत। हरियाणा बोर्ड और सीबीएसई की 12वीं कक्षा करीब 19 हजार विद्यार्थियों ने उत्तीर्ण की है। कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष की सीटों की संख्या महज 11 हजार हैं, ऐसे में विद्यार्थियों को अन्य विकल्प तलाशने पड़ सकते हैं। दूसरे विकल्प के तौर पर आईटीआई की ओर विद्यार्थियों का रुझान बन रहा है।
जिले में हरियाणा बोर्ड के 11,927 और सीबीएसई के करीब सात हजार विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा पास की है। वहीं जिले के 14 महाविद्यालयों में दाखिले के लिए कुल 11,140 सीटें निर्धारित हैं। इनमें चार राजकीय, पांच राजकीय सहायता प्राप्त और पांच सेल्फ फाइनेंस कॉलेज शामिल हैं।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार दाखिलों में ज्यादा मारामारी की स्थिति नहीं बनेगी, क्योंकि हर साल की तरह बड़ी संख्या में विद्यार्थी दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य शहरों का रुख करते हैं। इसके अलावा कई विद्यार्थी आईटीआई और तकनीकी संस्थानों में प्रवेश लेते हैं।
31 मई तक कॉलेजों में आवेदन
स्नातक कक्षाओं में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया 31 मई तक जारी रहेगी, जबकि राजकीय आईटीआई में 15 जून तक आवेदन किए जा सकेंगे। फिलहाल विद्यार्थी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। दो जून को आपत्तियों से संबंधित सूची जारी होगी और 11 जून को पहली मेरिट सूची घोषित की जाएगी।
20 प्रतिशत विद्यार्थी बाहर जाते हैं पढ़ने
शिक्षा विशेषज्ञों के अनुसार 12वीं के बाद करीब 20 प्रतिशत विद्यार्थी उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ और अन्य बड़े शहरों की ओर रुख करते हैं। कुछ विद्यार्थी पढ़ाई छोड़ देते हैं, जबकि कई रोजगारपरक शिक्षा के लिए आईटीआई और डिप्लोमा कोर्स चुनते हैं। इससे स्थानीय कॉलेजों में दाखिले का दबाव कुछ कम हो जाता है।
आईटीआई में बढ़ रही रुचि
तकनीकी शिक्षा और रोजगार की बढ़ती संभावनाओं के चलते आईटीआई विद्यार्थियों के लिए बेहतर विकल्प बनकर उभर रही है। जिले की नौ राजकीय आईटीआई में 2052 और चार निजी आईटीआई में 316 सीटों पर दाखिले होंगे। यहां विभिन्न रोजगारपरक ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा जिले में कई इंजीनियरिंग और डिप्लोमा कॉलेज भी संचालित हैं।
कॉलेजों में सीटों का विवरण
कॉलेज
सीटें
आर्य कॉलेज
2370
एसडी कॉलेज
1870
आईबी कॉलेज
1440
आर्य आदर्श गर्ल्स कॉलेज
920
चौ. देवीलाल गर्ल्स कॉलेज
240
देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय
780
राजकीय कन्या महाविद्यालय, मतलौडा
560
राजकीय महाविद्यालय, इसराना
520
राजकीय महाविद्यालय, बापौली
360
गांधी आदर्श कॉलेज, समालखा
400
वैश्य गर्ल्स कॉलेज, समालखा
440
पाइट कॉलेज, समालखा
340
गीता डिग्री कॉलेज, शेरा
470
गुरु ब्रह्मानंद गर्ल्स कॉलेज, कुराना
420
कुल सीटें : 11140
एसडी महाविद्यालय की 1870 सीटों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। अब तक करीब 2200 आवेदन किए जा चुके हैं। आवेदन प्रक्रिया के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। - डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी पीजी महाविद्यालय, पानीपत।
महाविद्यालयों में दाखिले को लेकर विद्यार्थियों को ज्यादा परेशानी नहीं आएगी। कॉलेज की 2370 सीटों पर विद्यार्थियों का दाखिला होगा। विद्यार्थियों को कौशल रोजगारपरक शिक्षा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। हेल्प डेस्क लगाकर विद्यार्थियों की मदद की जा रही है। अब तक करीब 2800 विद्यार्थियों ने आवेदन किया।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य महाविद्यालय, पानीपत।