शुगर मिल एमडी संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपते किसान। संवाद
इसराना। मालपुर किसान मजदूर एसोसिएशन और जिला के विभिन्न गांवों के किसानों ने शुगर मिल में पेट्रोल पंप लगाने, किसान सेवा केंद्र व चीनी विक्रय केंद्र खोलने के लिए वीरवार को शुगर मिल एमडी संदीप कुमार को शुगर मिल फेडरेशन के एमडी के नाम ज्ञापन सौंपा। मालपुर किसान मजदूर एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू मालपुरिया व अन्य किसानों ने बताया कि पुराने शुगर मिल में शुगर मिल प्रबंधन ने पेट्रोल पंप व चीनी विक्रय खोला है लेकिन अब नया शुगर मिल डाहर गांव में कई साल पहले शिफ्ट होकर चालू हो चुका है। पुराने शुगर मिल से पेट्रोल पंप व चीनी विक्रय केंद्र बंद कर नई मिल में खोले जाए। डाहर शुगर मिल में पानीपत-रोहतक हाईवे पर पेट्रोल पंप खोलने से जिला के गन्ना किसानों व आसपास के करीब एक दर्जन गांवों के किसानों को लाभ होगा। इससे शुगर मिल की अतिरिक्त आमदनी बढे़गी और आसपास के गांव के किसानों को सरकारी पेट्रोल पंप होने पर अच्छी क्वालिटी का शुद्ध तेल मिलेगा।
एमडी संदीप कुमार ने बताया कि शुगर मिल में किसान सेवा केंद्र व चीनी विक्रय केंद्र तो खोले जा रहे है और उनका निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। पेट्रोल पंप को खोलने के लिए किसानों के ज्ञापन को हरियाणा शुगर मिल फेडरेशन के एमडी के पास भेज रहे है। शुगर मिल में ही किसानों व अन्य लोगों के लिए पोस्ट ऑफिस भी खोला जा रहा है। इस मौके पर हरि सिंह डाहर, दयानंद भापरा, बलवान डाहर, मुकेश लोहारी, साधु नांदल, राजेंद्र आटा, हवा सिंह मालपुर, प्रदीप नौल्था, कुलदीप बिहौली व बिजेंद्र मलिक मौजूद रहे।