माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। अखिल भारतीय किसान सभा और सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन की बैठक बुधवार को गीता कॉलोनी स्थित शिव वर्मा स्मारक भवन में हुई। जिसमें सरकार की नीतियों के चलते रोजमर्रा के कार्यों में आने वाली समस्याओं पर चर्चा की। इसमें परिवार पहचान पत्र में गड़बड़ी के चलते ज्यादा दिक्कत आ रही है। किसान अपनी फसलों का पंजीकरण तक नहीं करा पा रहे हैं।
सीटू के जिला प्रधान सुनील दत्त और अखिल भारतीय किसान सभा के जिला प्रधान डॉ. सुरेंद्र मलिक कहा कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार में जनता को सरकारी सुविधा लेने, किसानों को मंडी में फसल बेचने के लिए पोर्टल पर फसल का पंजीकरण करने में गड़बड़ी मिल रही हैं। प्रॉपर्टी आईडी में भी भारी गलतियां हैं। जिला सचिवालय और अन्य स्थानों पर ठीक कराने के लिए लोग घंटों लाइन में लगे रहते हैं। यहां फीस भी अधिक वसूल की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय किसान सभा के जिला सचिव राजपाल एक किसान है। उन्होंने अपनी फसल की पंजीकरण करने के लिए पोर्टल पर आवेदन किया तो पता चला कि उनके परिवार पहचान पत्र में गड़बड़ी है। जब परिवार पहचान पत्र निकलवाया। यह उनका और उनकी पत्नी का होना चाहिए था। उनकी पत्नी को उनके बेटे के अलग बनवाए परिवार पहचान पत्र में जोड़ दिया। उनको गांव रसलापुर वासी एक मुस्लिम परिवार के परिवार पहचान पत्र के साथ जोड़ दिया। अब परिवार पहचान पत्र ठीक कराने के लिए चक्कर काट रहे हैं। मौके पर अखिल भारतीय किसान सभा के सचिव राजपाल गाहल्याण, सीटू जिला सचिव जय भगवान व कोषाध्यक्ष नवीन सपरा उपस्थित रहे।