इयराना। इसराना मार्केट कमेटी कार्यालय में नारेबाजी करते हुए किसान से बात करते हुए डीएम हैफड़ सु?
- फोटो : Panipat
अनाजमंडी में पिछले दो दिनों से धान की खरीद बंद होने और खरीदे जा चुके धान का उठान न होने से किसान भड़क गए। आक्रोशित किसानों ने अनाजमंडी के सचिव को बंधक बना लिया। मार्केट कमेटी के कार्यालय पर किसानों ने ताला जड़ दिया। किसान सचिव को धरने पर ले आए और दो घंटे तक धूप में बैठाए रखा। डीएम के आश्वासन के बाद किसानों ने सचिव को मुक्त किया।
किसानों में धान का उठान व खरीद न होने पर रोष था। किसान शिकायत लेकर सचिव सुरेश कुमार के पास गए। सचिव ने बताया कि डीएम हैफेड अनाजमंडी में आ रहे हैं, लेकिन एक घंटा तक जब डीएम नहीं पहुंचे तो किसान आक्रोशित हो गए। उन्होंने मार्केट कमेटी के कार्यालय से स्टाफ को बाहर निकाल दिया। कार्यालय पर ताला लगा दिया और सचिव सुरेश कुमार को बंधक बनाकर अपने साथ धरना स्थल पर ले आए और धूप में धरने में बैठा लिया।
धरने पर आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान और भाजपा नेता धर्मपाल जागलान ने कहा कि सचिव के साथ वह दो घंटे तक धरने पर बैठे रहे। सवा दो घंटे के बाद डीएम सुरेंद्र सिंह यहां पहुंचे और सचिव को किसानों से मुक्त कराया। डीएम ने किसानों को सुबह तक हालात सुधारने, खरीद चालू करने और खरीदे गए धान का उठान शुरू करने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर प्रदीप जागलान, राम सिंह कुंडू, अजमेर कुहाड़, संदीप डोगर, जोगिंद्र जग्गी, जयभगवान फौजी व अनिल बलाना समेत किसान मौजूद रहे।
दस बजे तक हालात नहीं सुधरे तो हाईवे जाम की चेतावनी
भाकियू के जिला महासचिव हरिंदर राणा ने डीएम हैफेड को चेताया अगर बुधवार दस बजे तक हालात नहीं सुधरे तो इसराना के आसपास के गांवों से किसान अपने ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर हाईवे पर रोड जाम करेंगे। शाम करीब पांच बजे डीएम के आश्वासन पर भाकियू व किसानों ने धरना समाप्त किया।