मतलौडा। धर्मगढ़ गांव में पराली जलाते हुए रंगेहाथ पकड़े गए किसान पर कृषि विभाग ने ढाई हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर किसानों को जागरूक करने निकली विभाग की टीम ने किसानों को ऐसा न करने के लिए जागरूक भी किया।
फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर शनिवार को कृषि विभाग की टीम मतलौडा खंड के धर्मगढ़ गांव में किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक कर रही थी। विभाग की टीम से विकास मलिक, सुपरवाइजर सतिन, बीडीपीओ सुरेंद्र खत्री और सरपंच की टीम ने मौके पर गांव निवासी किसान रूपेंद्र को खेत में पराली में आग लगाते रंगेहाथ पकड़ लिया।
इसके बाद आरोपी किसान के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की गई और उस पर 2500 रुपये पर जुर्माना लगाया गया। सुरेंद्र खत्री ने बताया कि अगर किसान खेत में पराली में आग लगाएंगे तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन पर 2500 से 15 हजार रुपये तक जुर्माना या एफआईआर दर्ज की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे फसल अवशेष प्रबंधन को अपनाएं एवं कृषि विभाग की तरफ से 1000 रुपये प्रति एकड़ की सहायता प्राप्त करें। मौके पर धर्मगढ़ गांव के सरपंच रविंद्र मान, पटवारी कृषि विभाग से विकास मलिक व सतिन मौजूद रहे।