माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने फरीदपुर ग्राम पंचायत की सरंपच अनुप्रीत कौर को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ ग्राम पंचायत के चार पंचों ने शिकायत दी थी। आरोप हैं कि महिला सरपंच ने रियल एस्टेट की एक कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए 11 फीट के खाल को रास्ते में बदल दिया। जबकि इसका ग्राम सभा की बैठक में प्रस्ताव पास कराया जाना जरूरी था। इससे ग्राम पंचायत और सरकार के राजस्व को हानि पहुंची है।
फरीदपुर ग्राम पंचायत के पंच रणजीत, आरपी सिंगला, रिंकू और रविंद्र ने उपायुक्त को फरवरी महीने में शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत का करीब 11 फीट का खाल है। यह एक रियल एस्टेट कंपनी के बीच से होकर जाता है।
इससे कंपनी के करीब 47 प्लॉट प्रभावित हैं। कंपनी ने ग्राम पंचायत से जमीन बदलने की मांग रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत सरपंच ने इस मामले में ग्राम सभा की बैठक नहीं की और न ही बैठक में इसको रखा। आरोप लगाए कि सरपंच ने अपने स्तर पर ही जमीन को बदल दिया। इससे गांव व सरकार के राजस्व को हानि हुई है। इस मामले में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने डीडीपीओ से जांच कराई। जिसमें आरोप सही पाए गए। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने सोमवार को सरपंच अनुप्रीत कौर को निलंबित कर दिया।
वर्जन :
फरीदपुर गांव की सरपंच अनुप्रीत कौर को निलंबित कर दिया है। गांव के पंचों ने उनके खिलाफ शिकायत दी थी। जांच में आरोप सही पाए गए।
राजेश कुमार, डीडीपीओ, पानीपत