अस्पताल के पंजीकरण कक्ष में गिरी फॉल सीलिंग, कर्मचारी बाहर होने से टला हादसा
करीब छह महीने पहले साढ़े छह करोड़ से हुई थी अस्पताल की मरम्मत
कभी फॉल सीलिंग तो कभी लिफ्ट हो रही खराब
मरीजों को हादसे के साये में कराना पड़ रहा इलाज
आगामी दो दिन बंद रहेगी ओपीडी, इमरजेंसी में ऑन कॉल आएंगे विशेषज्ञ
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में शनिवार को पंजीकरण कक्ष में फॉल सीलिंग गिर गई। चार कर्मचारी इस स्थान से कुछ दूरी पर होने के चलते बाल-बाल बच गए। फॉल सीलिंग गिरने से करीब आधे घंटे तक पंजीकरण का काम प्रभावित रहा। इससे करीब डेढ़ महीना पहले भी पंजीकरण कक्ष के बाहर फॉल सीलिंग गिरी थी। उस समय दो मरीजों चोटिल हो गए थे। इससे पहले इमरजेंसी वार्ड में भी फॉल सीलिंग गिरी थी उस समय कोई मरीज वहां न होने से बड़ा हादसा होने से बच गया था। अस्पताल में बार-बार फॉल सीलिंग गिर रही हैं लेकिन विभाग अभी भी नींद से नहीं जाग रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल में करीब छह माह पहले साढ़े छह करोड़ रुपये से मरम्मत कार्य किया गया था। अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए काम कराने का दावा किया था। अब लगातार हो रहे हादसों के चलते मरीजों को इलाज के साथ अपनी सुरक्षा की भी चिंता सताने लगी है। अस्पताल में तीन बार फॉल सीलिंग गिर चुकी है और लिफ्ट खराब होने से चिकित्सकों को भी परेशानी उठानी पड़ चुकी है। शनिवार को सुबह करीब 11 बजे पंजीकरण कक्ष के अंदर फॉल सीलिंग गिरी। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई बैठा नहीं था।
दो दिन बंद रहेगी ओपीडी, इमरजेंसी में ऑन कॉल आएंगे चिकित्सक-
शनिवार को ओपीडी अन्य दिनों की अपेक्षा कम रही और करीब 750 मरीज दवा लेने आए। हड्डी रोग विशेषज्ञ के ओटी में जाने, जनरल सर्जन दोपहर 12 से दो बजे तक न मिलने से करीब 30 मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा। दिवाली पर रविवार और सोमवार को अस्पताल की ओपीडी बंद रहेगी। अब अस्पताल की ओपीडी मंगलवार को खुलेगी। इस दौरान अस्पताल के इमरजेंसी में ऑन कॉल पर चिकित्सक आएंगे।
मरम्मत कार्य पीडब्ल्यूडी द्वारा किया गया है। अस्पताल में बार-बार फॉल सीलिंग गिरने के मामले सामने आ रहे हैं। इसलिए फॉल सीलिंग की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी और इन्हें ठीक कराने के लिए पत्र लिखा गया है।
डॉ. विजय मलिक, सीएमओ।