पानीपत। चौटाला रोड पर एक उद्यमी का रास्ता रोककर सात-आठ युवकों ने लाठी डंडों से हमला कर दिया। उद्यमी ने अपने गांव के ही एक व्यक्ति और उसके दो बेटों पर वारदात की साजिश रचने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उद्यमी ने सेक्टर 29 थाना पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। नौल्था गांव निवासी देवेंद्र ने बताया कि उसकी चौटाला पर स्प्रिंग इंटरनेशनल के नाम से फैक्टरी है। वह सोमवार रात साढ़े नौ बजे अपनी मोटरसाइकिल से घर जा रहा था। जब वह चौटाला रोडपर स्वाद इंडिया होटल के पास पहुंचे तो तीन मोटरसाइकिल पर सात -आठ युवक आए। उन्होंने उसकी मोटरसाइकिल के सामने अपनी मोटरसाइकिल अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया। उन्होंने उससे उसका नाम पूछा और उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। उसको बुरी तरह से पीटा गया। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर यहां से फरार हो गए। उसे शक है कि यह हमला उनके गांव के ही लोगों ने कराया है । दो दिन पहले उसके चचेरे भाई का इनके साथ झगड़ा हो गया था। इसी रंजिश में इन्होंने वारदात को अंजाम दिया है।