पानीपत। सेक्टर-29 थाना क्षेत्र के अंतर्गत रंगदारी न देने पर एक युवक ने अपने 10-15 साथियों के साथ ट्रेवल एजेंट और उसके भाई के साथ मारपीट की। इसके बाद कार्यालय से 47 हजार 600 रुपये भी लूट ले गए।
पुलिस ने एजेंट की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है। मामला थाना सेक्टर-29 क्षेत्र का है। छाज्जू गांव निवासी मोनू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका सेक्टर 29 थाना क्षेत्र में ड्रीम ट्रेवल के नाम से कार्यालय है। तीन दिन पहले कुटानी निवासी प्रवेश उनके कार्यालय पर आया और धमकी दी थी हर माह एक निश्चित धनराशि मुझे देना शुरू करे। ऐसा न करने पर कार्यालय बंद करने की धमकी दी।
उसने आरोपी की बात को गंभीरता से नहीं लिया। मोनू का कहना है कि सोमवार को वह अपने भाई के साथ कार्यालय पर बैठा थ। उसी समय आरोपी प्रवेश अपने 10-15 साथियों के साथ कार्यालय पर पहुंचा और मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों के हमले से वह बेहोश हो गया था। इसके बाद आरोपी कार्यालय में रखें 47 हजार 600 रुपये भी लूटकर ले गए।
हमलावरों के जाने के बाद छोटे भाई ने फोन कर दोस्तों की इसकी सूचना दी। जिसके बाद वह मौके पर आए और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। मोनू ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। संवाद