पानीपत में त्योहारी सीजन के कारण रेलगाड़ियों में सफर करने वाले यात्रियों संख्या दोगुनी हो गई है। सवारी गाड़ी हो या एक्सप्रेस हर ट्रेन में यात्रियों की संख्या बढ़ रही है।
लेकिन जीआरपी और आरपीएफ की तरफ से यात्रियों की सुरक्षा के लिए कुछ खास प्रबंध नजर नहीं आ रहे। पानीपत रेलवे स्टेशन पर इन दिनों यात्रियों की अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वैसे तो सामान्य दिनों मेें स्टेशन पर हर रोज करीब 25 से 30 हजार यात्री आवागमन करते हैं, लेकिन इन दिनों यात्रियों की संख्या बढ़कर 50 हजार से भी ज्यादा हो गई है। यात्रियों की चहल-पहल के कारण रेलवे परिसर में खाद्य पदार्थों की रेहड़ी और स्टाल लगाने वालों की बल्ले-बल्ले हो रही है। इनका काम अब दोगुना से भी ज्यादा हो गया है।
सुरक्षा के नहीं उचित प्रबंध
पानीपत रेलवे स्टेशन चारों तरफ से खुला है। कोई भी यात्री किसी भी दिशा से स्टेशन परिसर मेें प्रवेश कर सकता है। यात्रियों की संख्या को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ ने कोई खास कदम नहीं उठाए हैं। स्टेशन के मुख्य द्वार पर मेटल डिटेक्टर डोर तक नहीं रखा।
इससे कोई भी संदिग्ध कुछ भी लेकर आसानी से प्रवेश कर सकता है। इसके अलावा जीआरपी और आरपीएफ कर्मी यात्रियों के सामान आदि की भी चेकिंग नहीं कर रहे हैं। यह एक तरह से हजारों लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ ही हो रहा है।