बापौली। भलौर गांव में बिजली की चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम के साथ ग्रामीणों द्वारा मारपीट करने के मामले में शिकायत के बाद भी पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की। जिस पर बिजली कर्मियों ने बापौली सब डिवीजन कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस पर अनदेखी करने का आरोप लगाया और साथ ही एसडीओ को पत्र के माध्यम से चेतावनी दी कि अगर पुलिस द्वारा कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई तो वे तीन दिन बाद दो घंटे धरने पर बैठेंगे। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वो अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे। जिसका जिम्मेदार निगम होगा।
जेई तारीफ ने बताया कि सब डिवीजन कार्यालय बापौली में भलौर गांव निवासी नरेश अवैध रूप से घरेलू मीटर की बिजली को दूसरे प्लांट में ले जाने की गुप्त शिकायत मिली थी। इस पर एरिया इंचार्ज जेई जयनारायण, तारीफ, एएफएम संजय, लाइनमैन अजय मलिक, प्रीतम, आशीष मोहित आदि टीम सदस्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजलीकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी और सरकारी रिकाॅर्ड को भी फाड़ दिया। इस विषय में बापौली थाना प्रभारी नीरज का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायत आई थी जांच कर मामला दर्ज किया जाएगा।