पानीपत। बिजली निगम के सब-अर्बन सब डिवीजन के अंतर्गत बंद बिजली की लाइनों से तार चोरी कर लिया गया। ये लाइन पिछले तीन दिन से बंद थी। सेक्टर-13/17 के 33 केवी सब स्टेशन के पार्ट-1 और पार्ट-2 की लाइन से तारों की चोरी की गई हैं। बिजली निगम ने इसकी शिकायत थाना 13-17 पुलिस को दी है।
थाना पुलिस ने इसमें प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सब अर्बन डिवीजन के एसडीओ नरेंद्र जागलान ने पुलिस को बताया कि सेक्टर-13-17 में 33 केवी लाइन पार्ट-2 में कार्यरत क्षेत्रीय प्रभारी सहायक फाेरमैन देवेंद्र ने 13 जनवरी काे तार चाेरी की सूचना दी थी। वहीं चंदाैली गांव के पूर्व सरपंच रुपचंद, शिमला माैलाना निवासी आत्माराम पंडित व चंदाैली के दयानंद के खेतों से गुजर रही लाइन के तार चोरी कर लिए गए। किसानों की सूचना पर निगम की टीम पहुंची। दोनों जगह करीब 5.30 लाख रुपये की तार चोरी किया गया है।
इधर 20.25 लाख लगाया जुर्माना : बिजली निगम की टीमाें ने सर्दी के मौसम में जिलेभर में बिजली चोरों पर कार्रवाई की। निगम की टीमों ने 52 जगहाें पर छापेमारी की। यहां 30 स्थानों पर बिजली चोरी मिली। इन पर 20.25 लाख रुपये जुर्माना लगाया है। सब अर्बन डिवीजन के एक्सईएन आदित्य कुंडू ने बताया कि इसराना सब-डिवीजन में टीमाें ने 41 जगहाें पर दबिश दी। यहां 24 जगह चोरी पकड़ कर 19.71 लाख रुपये जुर्माना लगाया। संवाद