पानीपत। बिजली निगम अधिकारियों ने 5500 रुपये से ज्यादा राशि के बकाया बिल वाले 75 हजार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के लिए सूची तैयार कर दी है। 10 अगस्त से पहले भुगताने करने का अल्टीमेटम दिया है। उपभोक्ताओं के मुताबिक बिजली निगम ने शहर में स्मार्ट मीटर लगा तो दिए, लेकिन इससे उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। कभी मीटर रीडिंग उल्टी चलने लगती है तो कभी जंप लगने के कारण दो-चार हजार का बिल 10-20 हजार रुपये से भी ज्यादा आ जाता है। अब अगर कनेक्शन काटे गए तो उपभोक्ता एकजुट होकर कार्यालय में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
बस स्टैंड के दुकानदार रस्टिन ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद निगम कर्मचारी कार्यालय से ही आपूर्ति बंद करने की चेतावनी दे रहे हैं। जब तक निगम अधिकारी बिजली बिलों की गड़बड़ी की समस्या काे पूरी तरह खत्म नहीं कर देते, तब तक बिजली सप्लाई बंद करना मनमानी मानी जाएगी।
बिल्लू कॉलोनी की पुष्पा ने कहा कि अधिकारी बिजली आपूर्ति बंद करवा कर उपभोक्ताओं को बिजली बिल भरने के लिए मजबूर कर देंगे। बिजली आपूर्ति शुरू कराने के लिए उपभोक्ता बिल का भुगतान भी कर देंगे। बाद में बिजली बिल में कोई गड़बड़ी निकली तो रिफंड लेने के लिए कार्यालय के चक्कर काटने पड़ेंगे।
उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल का भुगतान करना चाहिए। फिर कोई परेशानी नहीं होगी। अगर बिजली बिल गलत है या कोई परेशानी है तो उपभोक्ता कार्यालय में अपनी शिकायत देकर बिजली बिल ठीक करा सकते हैं।
- धर्मबीर छिक्कारा, अधीक्षण अभियंता, पानीपत सर्कल