पानीपत। साइबर ठगों ने बिजली निगम के कर्मचारी को क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एपीके फाइल भेजी। जैसे ही फाइल को खोला तो मोबाइल फोन हैक कर उनके खाते से 1.10 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी। थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
सेक्टर-24 निवासी दीपक कुमार ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर बताया कि वह बिजली निगम में कार्यरत हैं। 27 जनवरी को उनके पास एक फोन कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि वह एचडीएफसी बैंक से बोल रहे हैं क्या आप अपने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़वाना चाहते हैं, उसने फोन पर लिमिट बढ़ाने के लिए कह दिया, इसके तुरंत बाद ही साइबर ठगों ने उनके नंबर पर एक एपीके फाइल भेज दी। उसने फाइल खोली तो उसका मोबाइल हैक हो गया। करीब 10 मिनट बाद मोबाइल फिर ठीक हो गया, उसी समय उनके पास 10-10 हजार की दो और 90 हजार रुपये की एक ट्रांजेक्शन होने के मैसेज आए। खाते से 1.10 लाख रुपये निकलने के बाद उन्होंने तुरंत ही ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम थाने में पहुंचकर शिकायत दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उधर, इस संबंध में साइबर क्राइम थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि एपीके फाइल भेजकर 1.10 लाख रुपये की ठगी हुई है। बैंक खातों की डिटेल कब्जे में लेकर जांच कर रहे हैं। लोगों को इस तरह की फाइल नहीं खोलनी चाहिए।