इसराना (पानीपत)। बीडीपीओ कार्यालय इसराना में शनिवार को रखा गया पंचायत समिति के चेयरमैन एवं वाइस चेयरमैन का चुनाव समिति सदस्यों के नहीं पहुंचने के कारण स्थगित हो गया। चुनाव के लिए निर्धारित प्रक्रिया तय समय पर शुरू हुई। चुनाव अधिकारी एमडी शुगर मिल नवदीप सिंह, नायब तहसीलदार शौरभ शर्मा और बीडीपीओ शक्ति सिंह चुनाव की तैयारियां पूरी कर समिति सदस्यों का इंतजार करते रहे, लेकिन तय समय तक कोई भी सदस्य नहीं पहुंचा। खंड कार्यालय परिसर में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई थी। मीटिंग के लिए कोरम पूरा नहीं होने की वजह से चुनाव स्थगित किया गया। इसराना पंचायत समिति में 25 सदस्य हैं। चुनाव के लिए होने वाली मीटिंग के लिए 17 समिति सदस्यों की हाजिरी जरूरी है। गौरतलब है कि तीनों दावेदारों ने समर्थन होने का दावा कर बहुमत होने का दम भरा था।
पंचायत समिति में सदस्यों की तादाद 25 है, लेकिन दावेदारों की मानें तो ये तादाद 35 बन रही है। दो दावेदार अपने पास 14-14 सदस्यों का समर्थन बता रहे हैं, जबकि तीसरा दावेदार सात के समर्थन की बात कर रहा है।