पानीपत/समालखा। जीटी रोड पर झट्टीपुर गांव के पास सड़क पार करते हुए वोल्वो बस की चपेट में आने से बड़े भाई की मौत हो गई, छोटा भाई बाल बाल बच गया । आरोपी बस चालक मौके से फरार हो गया। डॉक्टरों ने इसकी सूचना समालखा थाना पुलिस को दी। समालखा थाना पुलिस ने छोटे भाई के बयानों पर बस चालक पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस बस चालक की तलाश कर रही है।
डिकाडला गांव निवासी जगबीर सिंह ने बताया कि उसका बड़ा भाई प्रताप सिंह (54) फिलहाल बेरोजगार था। वह काम की तलाश कर रहा था। मंगलवार को वह प्रताप सिंह के साथ झट्टीपुर गांव के पास स्थित एक फैक्ट्री में काम की तलाश में आया था। यहां काम की बात करने के बाद वो शाम को वापस घर जा रहे थे। इसलिए वो दोनों भाई सड़क पार कर रहे थे। उसका भाई प्रताप उससे आगे था। इसी वक्त एक तेज रफ्तार वोल्वो बस ने प्रताप को कुचल दिया। आरोपी बस चालक वहां से फरार हो गया। वो राहगीरों की मदद से प्रताप को निजी अस्पताल में लेकर गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उनकी पुलिस से मांग है कि आरोपी बस चालक को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाए।