हरियाणा बोर्ड की परीक्षा नकल मुक्त कराना पानीपत के शिक्षा विभाग के अधिकारियों के बस की बात नहीं लग रही है। हालात ये हैं, जिनके ऊपर जिले की शिक्षा व्यवस्था दारोमदार है, उन्हीं के पास जानकारी का अभाव है। इसे जिला शिक्षा अधिकारी की लापरवाही भी कह सकते हैं। शनिवार को 10वीं की हिंदी की परीक्षा कराई गई, जिसमें जिले भर में अब तक सबसे ज्यादा 22 नकलची पकड़े गए। यह आंकड़ा फ्लाइंग कंट्रोलर का है, जबकि जिले के शिक्षा अधिकारी ने कहा कि सिर्फ नौ नकलची ही पकड़े गए हैं। यह भी नहीं पता कि केंद्रों से नकलचियों को पकड़ा गया है। कुल मिलाकर जब जिला शिक्षा अधिकारी ही लापरवाह हों तो हरियाणा बोर्ड की परीक्षा नकल मुक्त होने बात ही बेमानी सी लगती है।
शहर के परीक्षा केंद्रों पर दिखी सख्ती, केंद्रों के बाहर नहीं रहा जमावाड़ा, पुलिसकर्मी बढ़े
शहर के परीक्षा केंद्रों पर शनिवार की परीक्षा के कुछ सख्ती दिखाई दी। पहली दो परीक्षाओं में तो व्हॉट्सएप पर पेपर ही आउट हो गया। हालांकि गांवों के परीक्षा केंद्रों पर नकल का हाल अभी भी जारी है। नकल की पर्चियां खुलेआम परीक्षा केंद्रों के अंदर जा रही हैं। शहर के परीक्षा केंद्रों पर नकल कराने के लिए परिजनों और रिश्तेदारों का लगने वाला जमावड़ा नहीं रहा, लेकिन इससे नकल पर नहीं हुई, ऐसा नहीं है। 22 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिसकर्मियों की संख्या को भी बढ़ा दिया गया है। फ्लाइंग और पुलिस की सख्ती का गांव के सेंटरों पर फिलहाल कोई असर नहीं दिख रहा है। गांव के सेंटरों पर परीक्षार्थी अभी भी बेखौफ नकल फेंक रहे हैं।
वर्जन
हिंदी की परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न की गई। ईएमएस की टीम ने केंद्रों का निरीक्षण किया, जिसमें नौ नकलची पकड़े गए हैं।
- सतपाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी
पानीपत में शनिवार को 10वीं की हिंदी की परीक्षा में 22 नकलची पकड़े गए हैं, उनके खिलाफ केस बनाया गया है।
- रामनाथ सिंह, फ्लाइंग कंट्रोलर, करनाल