विधायक धर्म सिंह छौक्कर का पेट्रोल पंप दूसरी ओर आवास के बाहर खड़े हुए CRPF कर्मी।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बेहद करीबी कांग्रेस विधायक धर्म सिंह छौक्कर के समालखा स्थित निवास पर ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) की छापामारी बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रही। ईडी की 10 सदस्यीय टीम बुधवार शाम तक कोठी के अंदर करीब 36 घंटे की कार्रवाई पूरी कर चुकी थी। कोठी में विधायक के भाई रणधीर से माहिरा होम्स मामले में पूछताछ की गई।
किसी को भी कोठी के अंदर आने की अनुमति नहीं थी। कोठी को सीआरपीएफ ने घेर रखा था। आवास का मुख्य गेट अंदर से बंद कर रणधीर छौक्कर से किसी को बातचीत करने की भी अनुमति नहीं दी गई। टीम ने उनका मोबाइल बंद करवा दिया है।
टीम ने विधायक की फर्मों के कागजात जब्त किए गए हैं। धर्म सिंह छौक्कर से टीम ने फोन पर भी पूछताछ की। वहीं दूसरी ओर ईडी की एक टीम उनके गुरुग्राम फेस-1 स्थित आवास पर भी छापामारी कर रही है।
विधायक की गुरुग्राम स्थित माहिरा होम्स अफोर्डेबल फ्लैट्स कंपनी पर सवाल उठते रहे हैं। कुछ दिन पहले उनकी कंपनी के रास्ते को लेकर भी विवाद हो गया था। अब आरोप लग रहे हैं कि विधायक के बेटे विकास छौक्कर ने लोगों से करोड़ों रुपये लेकर उन्हें समय पर फ्लैट नहीं दिए। लोग लंबे समय से कंपनी के खिलाफ रोष प्रर्दशन कर रहे हैं। इसके अलावा उन पर मनी लांडि्रंग के आरोप भी हैं।
समर्थकों ने कहा- सरकार की बदले की राजनीति
ईडी की छापामारी से विधायक धर्म सिंह छौक्कर के समर्थकों में रोष है। समर्थकों का आरोप है कि सरकार विधायक की बढ़ती लोकप्रियता से डरी हुई है। यह छापामारी राजनीति से प्रेरित है। सरकार बदले की राजनीति कर रही है।
2021 में भी हो चुकी है छापामारी
17 मार्च 2021 को भी आयकर विभाग व ईडी ने विधायक धर्म सिंह छौक्कर की कोठी, टिटाना गांव स्थित उनके फार्म हाउस, पेट्रोल पंप व गुरुग्राम डीएलएफ फेज-एक और सेक्टर-43 स्थित कार्यालय में छापामारी की थी। उनके दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित आवासों एवं कार्यालयों पर भी छापे मारे गए थे।