समालखा। ई रिक्शा चालक की गांव पट्टी कल्याणा के पास बुधवार की दोपहर कैंटर की टक्कर से मौत हो गई। पुलिस परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। बुधवार की दोपहर एक बजे शास्त्री कॉलोनी निवासी ई रिक्शा चालक दीपक (28) गन्नौर की तरफ जा रहा था। उसके चचेरे भाई संजीव ने हल्दाना चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार को वह अपनी बाइक पर पानीपत से गन्नौर जा रहा था। पट्टीकल्याणा फ्लाईओवर के पास लोगों की भीड़ दिखाई दी। उसने अपनी बाइक रोक देखा तो उसका चचेरा भाई दीपक सड़क पर लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। उसका ई रिक्शा पलट गया था और उससे आगे कैंटर खड़ा था। उसे सामान्य अस्पताल पानीपत में भर्ती कराया, जहां दीपक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।