डीपीसी तोड़ते टीम। स्रोत : सूचना विभाग
पानीपत। जिला नगर योजनाकार विभाग की टीम ने बुधवार को सिवाह व राजाखेड़ी समेत पांच गांवों में अवैध कॉलोनियों में एक निर्माण कार्य और 15 डीपीसी तोड़ दी। इस दौरान लोगों ने आगे आकर काम रुकवाने का भी प्रयास किया। टीम ने किसी प्रकार की सुनवाई नहीं की। जिला नगर योजनाकार अधिकारी सुनील कुमार की देखरेख में टीम ने बुधवार को सुबह कार्रवाई शुरू की। टीम ने सिवाह खेड़ी, राजा खेड़ी, तरफ मकदुम जादगान और कुराड़ और बापौली में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की। यहां पांच कॉलोनियों में एक मकान, 15 डीपीसी, मिट्टी का सड़क नेटवर्क, चार चहारदीवारी और डिमार्केशन शामिल हैं। ये कॉलोनी करीब 28 एकड़ में बनाई गई थी। टीम ने दो जेसीबी की मदद से कार्रवाई की।