पानीपत। थाना चांदनीबाग क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल की शिक्षिका पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और जातिसूचक शब्द बोलने के मामले डीएसपी यातायात ने स्कूल पहुंचकर जांच की। उन्होंने प्रकरण से जुड़े शिक्षकों और स्कूल के अन्य स्टॉप से मामले की जानकारी ली। उधर, महिला शिक्षिका के समर्थन में हरियाणा अनुसूचित जाति टीचर संघ के जिलाध्यक्ष ने चांदनीबाग थाने पर पहुंचकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।
थाना चांदनीबाग क्षेत्र के एक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की एक शिक्षिका ने स्कूल में तैनात शिक्षक व अन्य स्टॉप पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने और जातिसूचक शब्दों को प्रयोग करने के आरोप लगाए थे। चांदनीबाग थाना पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। जिसकी तफ्तीश डीएसपी यातायात सुरेश कुमार सैनी कर रहे हैं। बुधवार को डीएसपी सुरेश कुमार सैनी प्रकरण की तफ्तीश करने के लिए स्कूल में पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल से जुड़े तथ्यों की जांच की। साथ ही स्कूल के स्टॉफ से पूरी घटना की जानकारी ली। उधर, महिला शिक्षिका के समर्थन में शिक्षक चांदनीबाग थाने पर पहुंचे और आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार करने कर मांग की है। उनका कहना है कि इस मामले में पुलिस अभी तक ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है।
शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। तफ्तीश में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-सुरेश सैनी, डीएसपी यातायात।