संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। हरिद्वार रोड नेशनल हाईवे 709 एडी पर कांवडि़यों का आगमन शुरू हो गया है। बुधवार को डीएसपी टैफिक सुरेश सैनी, डीएसपी समालखा नरेंद्र कादियान ने सनौली थाना प्रभारी संदीप कुमार के साथ यमुना बार्डर से छाजपुर तक कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। गंगा जल लेने के लिए हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली आदि प्रदेशाें के कांवडियों का आगमन शुरू हो गया है। सनौली हरिद्वार रोड पर कांवड़ लेने वालों के वाहनों की संख्या बढ रही है। वहीं, हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले शिव भक्तों की भी दिन प्रतिदिन बढ़त हो रही है। डीएसपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि आने वाली 23 जुलाई तक शिवरात्रि पर्व को लेकर हरिद्वार से कांवड लेकर आ रहे कांवडि़यों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नेशनल हाईवे 709 एडी पर सभी भारी वाहनों को लेकर सनौली-हरिद्वार रोड सील कर दिया है। इस दौरान एसएचओ सनौली संदीप कुमार ने भी सभी भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी है।