पानीपत। सीआईए थ्री की टीम को चकमा देकर मादक पदार्थ तस्कर भाग निकला। सीआईए की टीम जब मितल मेगा मॉल में तस्कर की कार के पास पहुंची तो तस्कर ने मादक पदार्थ पुलिस के जवान की ओर फेंक दिया। पुलिस का जवान पॉलिथीन को जांचने लगा तो तस्कर यहां से कार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने उसका काफी देर तक पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आया। अब सीआईए के एएसआई के बयान पर पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज किया है। उसकी धरपकड़ की जा रही है ।
एएसआई बलिंद्र सिंह ने बताया कि वह सीआईए थ्री में तैनात है। वह हवलदार सुरेंद्र, जितेंद्र व अमित कुमार के साथ सेक्टर 25 में गश्त कर रहे थे। उनको सूचना मिली थी कि मित्तल मेगा मॉल की पार्किंग में एक महिंद्रा एक्सयूवी कार में युवक बैठा है। उसके पास मादक पदार्थ हो सकता है। वह सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। जब वह कार के पास जाने लगा तो कार में बैठे युवक ने उसकी तरफ एक पॉलीथिन फेंकी। जब वह पॉलीथिन उठाने लगा तो कार चालक कार को लेकर वहां से फरार हो गया। उन्होंने समालखा तक उसका पीछा किया लेकिन वह हाथ नहीं आया। उन्होंने पानीपत व समालखा में तीन घंटे तक उसका पीछा कर उसे पकड़ने की कोशिश की थी। वह वापस मित्तल मेगा मॉल की पार्किंग में आए और कार चालक के बारे में पार्किंग के कर्मियों से पूछताछ की लेकिन उसके बारे में कुछ नहीं पता चल सका। उन्होंने पॉलिथीन में मिले मादक पदार्थ को जांचा तो वह 560 ग्राम गांजा मिला। अब आरोपी की तलाश की जा रही है।