पानीपत। सीआईए-2 टीम ने रविवार देर शाम को हरिद्वार रोड सनौली पुल के पास से नशा तस्कर मुर्तजा निवासी रसूलपुर सहारनपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 452 ग्राम अफीम बरामद की है। आरोपी ने प्रथम दृष्टया में बताया कि वह सहारनपुर से कम दाम में अफीम खरीदकर पानीपत में बेचने के लिए आया था। पुलिस ने उसे अदालत के सामने पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
सीआईए-2 प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि रविवार को उनकी टीम हरिद्वार रोड पर सनौली रिशपुर चौक पर गश्त कर रही थी। उसी समय सूचना मिली कि हरिद्वार हाईवे पर सनौली पुल के नीचे एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल लिए खड़ा है। जिसके पास मादक पदार्थ होने की आशंका है। सूचना पर टीम ने दबिश देकर आरोपी मुर्तजा को हिरासत में ले लिया। टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ ध्रुव गोस्वामी की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली। जिसके कब्जे से 452 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने थाना सनौली में प्राथमिकी दर्ज कर मुर्तजा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शॉर्ट कट तरीके से पैसा कमाना चाहता है। उसने अपने ही गांव के एक युवक से कम दाम में 455 ग्राम अफीम खरीदी थी। इसमें से तीन ग्राम अफीम उसने खुद ही प्रयोग कर ली। बाकी, 452 ग्राम अफीम को बेचने के लिए वह पानीपत आ था।
पुलिस ने सोमवार को आरोपी को अदालत के सामने पेश किया। जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जाएगी। साथ ही उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।