पानीपत। सीआईए वन ने गोहाना रोड पर गांव महराणा से कुछ दूरी पर नाला के पास एक नशा तस्कर को चार किलोग्राम गांजा के साथ पकड़ा है। जिसे उसने तीन दिन पहले ही गांजा नौल्था गांव से खरीदा था पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि उनकी टीम बुधवार देर शाम गश्त के दौरान डाहर गोल चक्कर के पास मौजूद थी। इस दौरान टीम को सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म का एक युवक नीले रंग का बैग लेकर गांव महराणा की ओर से पैदल डाहर गोल चक्कर के तरफ आ रहा है। युवक के पास मादक पदार्थ होने की संभावना है। सूचना पर पुलिस ने गोहाना रोड पर नाला के पास नाकाबंदी कर संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद महराणा की ओर से एक युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने पीछाकर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान संदीप राममेहर निवासी नौल्था गांव के रूप में हुई है। बैग की तलाशी लेने पर उसके पास चार किलोग्राम गांजा मिला। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पानीपत आसपास के क्षेत्र में गांजा बेच कर शार्टकट तरीके से अमीर बनना चाहता था। ये गांजा उसने तीन दिन पहले अपने गांव निवासी एक युवक से कम कीमत पर खरीदा था। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। उसे वीरवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।