पानीपत। जीटी रोड पर सिवाह गांव के पास नगीना हाईवे पुल के नीचे कार सवार बदमाशों ने एक ट्रक चालक को अगवा कर लिया। बदमाश उसे कार में डालकर ले गए। उससे 10 हजार रुपये, मोबाइल व उसका लाखों रुपये के सामान से भरा ट्रक लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने ट्रक चालक को एक पेड़ से बांध दिया था। उसने किसी तरह से खुद को मुक्त कराया और पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ की लेकिन वह फरार होने में कामयाब हो गए। ट्रक चालक की शिकायत पर पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है।
चढ़ाऊ मोहल्ला निवासी रामतेज यादव ने बताया कि वह पेशे से चालक है। वह सम्राट गुड्स ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत है। वह मंगलवार रात पौने 12 बजे ट्रक में कंबल, दवाई, सैनेटरी, जूते, कपड़ा. नट बोल्ट और केमिकल की कैन लोड करके गाजियाबाद के लिए चला था। वह ट्रक लेकर नगीना हाईवे पर सिवाह के पास पहुंचा। वह यहां पर ट्रक रोककर चाय पीने लगा। इसी वक्त एक कार में पांच-छह युवक आए। वह उसकी आंखों में बैटरी की रोशनी मारने लगे। वह उसने कहने लगे कि वह पीछे हादसा करके आया। वह मना करता रहा। इन्होंने उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया और उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी। वह उसे कार में बैठाकर इधर उधर घुमाते रहे। उन्होंने उससे 10 हजार रुपये व मोबाइल छीन लिया। फिर खेत में ले जाकर उसे एक कटे हुए पेड़ पर बांधकर फरार हो गए। उसने किसी तरह से अपने हाथ खोले और वह भागते हुए सिवाह जेल वाले रास्ते से होते हुए जीटी रोड पर पहुंचा। उसने अपनी गाड़ी की तलाश की लेकिन गाड़ी भी नहीं मिली। वह बदमाश उसका ट्रक भी चोरी कर ले गए। उसने खोखे पर बैठे एक व्यक्ति के मोबाइल से पुलिस को वारदात की सूचना दी।
वर्जन-
सेक्टर 29 पुलिस थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि बदमाशों की धरपकड़ जा रही है। पूरे मामले की गहन जांच चल रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास है।