जीटी रोड पर दमकल कार्यालय के सामने कार से टकराकर सड़क पर गिरने वाले एक्टिवा सवार 10वीं के छात्र पर बस का पहिया चढ़ाने वाले बस चालक को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं सड़क पर बिना लाइट जलाए व अवैध पार्किंग में खड़े कार चालक की तलाश में पुलिस की टीम छापेमारी कर रही है।
वहीं दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस ने शहर के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाकर नाबालिग वाहन चालकों के चालान किए है। पुलिस ने 100 से अधिक स्कूली छात्रों के चालान किए है। इसके अलावा एसपी अजीत सिंह शेखावत का कहना है कि जिले की ट्र्रैफिक पुलिस की तरफ से आठ सितंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्कूलों से दोपहिया वाहन लाने वाले छात्रों की लिस्ट तैयार कराएगी और उसके बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। माता-पिता से भी अपील की जा रही है कि वह अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दे, इससे उनकी जान के साथ साथ दूसरे की जान का भी खतरा बन जाता है। अपील के बाद भी अभिभावक नहीं माने तो उनके खिलाफ भी सख्ती बरती जाएगी।
यह था मामला:
डॉ.एमकेके स्कूल से स्कूटी पर सवार होकर जशनदीप और रिषी घर लौट रहे थे। जब वह लालबत्ती चौक के पास पहुंचे तो वहां पर खड़ी कार चालक ने अचानक खिड़की खोल दी, जिससे टकरा कर दोनों छात्र सड़क पर गिर गए। इसी बीच पीछे से आ रही बस ने रिषी के ऊपर बस का पहिया चढ़ा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने अवैध पार्किंग में कार खड़ी करने वाले चालक और बस चढ़ाने वाले बस चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।