पानीपत। पानीपत थर्मल पावर प्लांट के साथ लगते खुखराना गांव को जल्द ही नए गांव में स्थानांतरित किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही 43 प्लॉटों का ड्रा निकाला जाएगा। यहां सड़क व नाली पक्की करने के साथ बिजली की भी पूरी व्यवस्था की जाएगी।
उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बुधवार को जिला सचिवालय के कांफ्रेंस हाल विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। बिजली, सिंचाई, पंचायती राज, स्वास्थ्य विभाग, जिला नगर योजनाकार, राजस्व विभाग के अलावा कई अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा भी की।
उपायुक्त ने कहा कि गांव के स्थानांतरण में देरी के लिए अधिकारी जिम्मेदार होंगे। इसके लिए अधिकारियों को बार-बार सूचित नहीं किया जाएगा। यह कार्य और तेजी से करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली की संपूर्ण व्यवस्था जल्द पूरी की जाएं।
उपायुक्त ने जिला राजस्व अधिकारी को 43 प्लाटधारकों को अलॉटमेंट लेटर जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने इन प्लाटों के लिए आसपास की भूमि चयनित करने के लिए भी जानकारी ली। उपायुक्त ने इनके अलावा गांव में अन्य खाली प्लाॅटों की शिकायतों का निपटान करने के आदेश दिए।
मतलौडा तहसीलदार को 402 और 43 प्लाॅटों के रकबे का मिलान कर लाभार्थियों को कब्जा देने बारे चर्चा की। उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पानी की सप्लाई व सीवरेज लाइन बिछाने के कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता को गलियों व सड़कों के निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन को उप स्वास्थ्य केंद्र के लिए भूमि के संदर्भ में अपडेट लिया व जिला योजनाकार अधिकारी को जल्द से जल्द खुखराना व सौदापुर के नक्शे तैयार करने के आदेश दिए। इस मौके पर एडीसी डॉ. पंकज, सीईओ जिला परिषद डॉ. किरण, डीआरओ रणविजय सुल्तानिया, सीएमओ डॉ. जयंत आहुजा, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीईओ राकेश बूरा, एसडीओ बिजली निगम नरेंद्र जागलान, जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता कर्ण बहल, पंचायती राज के कार्यकारी अभियंता प्रदीप, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेश सैनी मौजूद रहे।
फोटो-3 व 4-