फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: जीटी रोड नाले से ड्रेनेज कनेक्शन काटे, बाजारों में जलभराव का खतरा

Fri, 03 Jul 2026 02:56 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पानीपत
विज्ञापन
जीटी रोड पर काटा गया कपड़ा मार्केट का कनेक्शन। संवाद
विज्ञापन
माई सिटी रिपोर्टर
विज्ञापन


पानीपत। मानसून की दस्तक के साथ ही पानीपत के दुकानदारों के सिर पर जलभराव का बड़ा संकट मंडराने लगा है। शहर के मुख्य बाजार इंसार बाजार में पानी निकासी ठप है और साथ लगते बाजारों में पानी की निकासी के लिए बने मुख्य ड्रेनेज कनेक्शन को जीटी रोड चौड़ीकरण के चलते काट दिए गए हैं। इस लापरवाही के कारण आने वाले दिनों में मामूली बारिश होते ही पूरा बाजार जलमग्न होने की कगार पर पहुंच जाएगी। प्रशासनिक तालमेल की कमी के चलते किए गए इस फैसले से शहर के लगभग 20 प्रमुख बाजारों की करीब तीन हजार से अधिक दुकानें सीधे तौर पर प्रभावित होंगी। इससे करोड़ों रुपये के व्यापारिक नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

अमर उजाला ने वीरवार को शहर के बाजारों में पानी निकासी की सच्चाई को जाना। इंदिरा बाजार व शाह मार्केट में 100 दुकान हैं। यहां नाला जाम है। महाबीर बाजार, प्रेम मंदिर, लैय्या स्कूल मार्केट में नाला बंद पड़ा है। सलारजंग गेट से इंसार चौक और आगे चौड़ा बाजार के नाले गंदगी से भरे हुए हैं। मुख्य इंसार बाजार लालबत्ती चौक के नाले पूरी तरह से बंद हैं। गुरुद्वारा रोड बाजार के नाले जाम हैं। शहर की सबसे व्यस्त और मशहूर जवाहर क्लॉथ मार्केट और न्यू क्लॉथ मार्केट का दूषित व बरसाती पानी सीधे एलएनटी की मुख्य ड्रेन में आकर गिरता था। अब हाईवे चौड़ीकरण के काम के चलते इस ड्रेन के मुहाने को बंद कर दिया गया है। चौड़ा बाजार के अंतर्गत गुरुद्वारे के नजदीक से भी पानी की निकासी का मुख्य कनेक्शन भी काट दिया गया है। पानी आगे बहने का कोई वैकल्पिक रास्ता न होने के कारण अब बैक मारेगा। इससे दुकानों के अंदर पानी घुसना तय माना जा रहा है।
विज्ञापन


इंसार बाजार में नालों की सफाई भी अधूरी

व्यापारियों का आरोप है कि एक तरफ तो मुख्य ड्रेन का कनेक्शन काट दिया गया है। वहीं दूसरी तरफ स्थानीय नगर निगम द्वारा बाजारों के आंतरिक नालों की सफाई भी समय रहते नहीं कराई जा सकी है। इंसार बाजार, किला बाजार और अमर भवन चौक के आसपास के नाले पूरी तरह से गंदगी और गाद से अटे पड़े हैं। मानसून की शुरुआती बारिश में ही इन नालों की पोल खुलने लगी है। दुकानदार रमेश कुमार, हरदीप और कमल अरोड़ा ने बताया कि नगर निगम हर साल लाखों रुपये का बजट नालों की सफाई के नाम पर पास करता है, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी जस की तस बनी हुई है।

लाखों के नुकसान की चिंता में डूबे व्यापारी

जैसे-जैसे आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ रही है, वैसे-वैसे दुकानदारों की चिंता भी गहरी होती जा रही है। कपड़ा व्यापारी विपिन चुघ का कहना है कि ड्रेन बंद होने के कारण बाजारों में दो से तीन फीट तक पानी जमा हो जाएगा। दुकानों में फर्श पर रखा सारा कपड़ा खराब हो जाएगा। जिला प्रशासन और नगर निगम को जीटी रोड चौड़ीकरण का कार्य में तेजी लानी चाहिए। इसके अलावा अस्थायी कनेक्शन किए जाने चाहिए।
विज्ञापन


वर्जन :

इंसार बाजार समेत शहर के दूसरे बाजारों में पानी निकासी के प्रबंध पुख्ता नहीं है। बाजारों में नाले बंद हैं और जीटी रोड चौड़ीकरण के चलते कई बाजारों के निकासी कनेक्शन काटे गए हैं। यही स्थिति रही तो तेज बारिश होते ही बाजार से निकल पाना मुश्किल हो जाएगा।

गौरव लीखा, प्रधान, संयुक्त व्यापार मंडल।

वर्जन :

शहर में ड्रेन और नालों की सफाई का कार्य चल रहा है। इंसार बाजार में जल्द ही सफाई कराई जाएगी। एनएनटी का नाला निर्माण एनएचएआई के अंतर्गत है।

नवीन, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम।

वर्जन :

अधिकारियों से सफाई की रिपोर्ट ली है। शहर के बाजार व अन्य जगह पर इसे जल्द पूरा कराया जाएगा। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।

कोमल सैनी, मेयर।

जीटी रोड पर काटा गया कपड़ा मार्केट का कनेक्शन। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें