पानीपत। नगर निगम अधिकारियों और ठेकेदार की कमियों का खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। वार्ड नंबर 11 में अधिकारियों की शह पर ठेकेदार ने स्कीम नंबर 63 के तहत बनाया जाने वाला 26.73 लाख की लागत का नाला भी अधूरा छोड़ दिया है। जिससे निकासी तो प्रभावित हो ही रही है साथ में मौेके पर लगाया गया ट्यूबवेल का काम भी रुक गया है। जब तक नाला नहीं बनेगा तब तक ट्यूबवेल में मोटर डलवाने का काम भी नहीं हो पाएगा। एक लापरवाही की वजह से कॉलोनी के लोगों के दो बड़े काम रुक गए हैं। इससे पहले भी अधिकारियों ने स्कूल का काम बीच में रुकवा दिया था। ऐसे ही अब लापरवाही बरत रहे हैं।
निवर्तमान पार्षद का कहना है कि ये नाला सैनी कॉलोनी से चावला कॉलोनी तक बनाया था। आचार संहिता से पहले इसका टेंडर हुआ और काम भी शुरू करवा दिया गया। करीब 40 प्रतिशत काम पूरा होने के बाद ठेकेदार ने इसे छोड़ दिया और अब काम चालू नहीं हो पा रहा है। करीब दो माह से इसका काम बंद पड़ा है। आने वाले मानसून सीजन में लोगों को इससे बड़ी परेशानी होगी। इस नाले पर दो कॉलोनियाें की निकासी निर्भर करती है। इसके साथ लगे ट्यूबवेल का भी काम रुक गया है। दूसरी ओर निगम अधिकारियों का कहना है कि नगर सुधार मंडल के वक्त बनी स्कीम नंबर 63 के अंतर्गत ये नाला बनाया जाना था। यहां स्कीम के अनुरूप जमीन का कुछ विवाद है। विवाद के समाधान के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
बॉक्स
दो कॉलोनियों के एक हजार लोग प्रभावित
वार्ड नंबर 11 की सैनी कॉलोनी से लेकर चावला कॉलोनी के करीब एक हजार परिवारों की निकासी इस नाले पर निर्भर करती है। निकासी की समस्या के समाधान को लेकर नाले का टेंडर लगाया गया। काम तो शुरू हुआ लेकिन पूरा नहीं हो पा रहा है। नाले के लिए जमीन की खुदाई करके छोड़ दी गई है। मानसून में बारिश होने पर कॉलोनियों की गलियों समेेत नाले के लिए खोदी गई जमीन में भी पानी भर जाएगा। जिससे निकासी की समस्या दोगुनी हो जाएगी। वहीं, ट्यूबवेल का काम रुकने की वजह से पीने के पानी की समस्या भी बन रही है।
बॉक्स
कई बार की शिकायत, अब होगा विरोध प्रदर्शन
लोगों की सहूलियत को लेकर इस नाले की निगम अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। अब विरोध प्रदर्शन होगा। अधिकारियों की लापरवाही की वजह से लोगों की परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कोमल सैनी, निवर्तमान पार्षद वार्ड 11
वर्जन:
स्कीम नंबर 63 की जमीन का कुछ विवाद चल रहा है। जिसकी वजह से अभी काम रुका हुआ है। जल्द ही इसका समाधान कर काम शुरू कराया जाएगा।
अजय छौक्कर, जेई, नगर निगम।