सिवाह गांव के पास एलिवेटिड पुल के नीचे दिल्ली की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर बृहस्पतिवार को अचानक नाला खोदाई का काम शुरू कर दिया गया। जिससे सर्विस रोड समेत जीटी रोड पर भी जाम लग गया। जिसके चलते आवगमन में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। छोटे वाहन तो वापस मुड़कर निकल गए, लेकिन बड़े वाहन वहीं फंसे रहे। जिनके पीछे अन्य वाहनों की कतार लग गई। शाम तक भी हालात जाम के बने रहे।
बताया जा रहा है कि इस नाले का निर्माण एलएंडटी की ओर से कराया जा रहा है। मानसून के सीजन में इसी नाले को बंद किए जाने की वजह से बरसाती पानी बीबीएमबी सिवाह के अंदर तक घुस गया था। वहीं, जीटी रोड पर भी बरसाती पानी की लहरें उठने लगी थी। इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से नाले की सफाई और निर्माण के आदेश दिए गए थे। जिस पर बृहस्पतिवार को अचानक से काम शुरू करा दिया गया।