पानीपत। जिले के सरकारी चिकित्सक हिसार जिले में डिप्टी सीएमओ के पीएनडीटी मामले में निलंबित करने के विरोध में उतर आए हैं। चिकित्सकों ने शनिवार को काले बिल्ले लगाकर विरोध दर्ज कराया। चिकित्सकों ने उनको बहाल न करने पर संघर्ष तेज करने की चेतावनी दी है। शनिवार को अवकाश के चलते ओपीडी बंद रही। आपातकाल विभाग में चिकित्सकों ने काले बिल्ले लगाकर विरोध किया। चिकित्सकों ने इस बारे में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और विभाग के एसीएस सुधीर रावल को मांग पत्र भेजा है।
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसिज के बैनर तले चिकित्सकों ने शनिवार को काले बिल्ले लगाकर विरोध किया। एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. रिंकू सांगवान ने कहा कि हिसार में पीएनडीटी के इंचार्ज डिप्टी सीएमओ डॉ. प्रभुदयाल को निलंबित कर दिया है। उन पर आरोप लगाया गया है कि आपरेशन में उनके द्वारा खामियां की गई हैं लेकिन बिना जांच के किसी भी डॉक्टर को निलंबित करना गलत है। इससे बाकी स्टाफ डॉक्टरों में रोष भरा हुआ है। सभी की मांग है कि पहले मामले की उच्च स्तर पर जांच की जाएं। यदि मामले की जांच नहीं की जाती है तो उनका सांकेतिक विरोध प्रदर्शन बड़ा रूप ले सकता है। इसके लिए सभी डॉक्टरों ने मिलकर स्वास्थ्य मंत्री आरती राव और एसीएस सुधीर रावल को मांग पत्र लिखा है। इस अवसर पर डॉ. केतन भारद्वाज, डॉ. सुखदीप व डॉ. राजीव उपस्थित रहे।